Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: बुधवार की सायंकाल जनपद बहराइच के थाना सुजौली अंतर्गत ग्राम भरतापुर के समीप कोडियाला नदी में एक सिविल नाव अचानक असंतुलित होकर नदी में डूब गई। नाव में कुल 22 व्यक्ति सवार थे, जो तिकुनिया (जनपद लखीमपुर खीरी) से बाजार कर अपने गाँव भरतापुर लौट रहे थे। नदी में खड़े सूखे लकड़ी के तने से टकराने के कारण नाव पलट गई, जिससे कई लोग नदी में बह गए। घटना घटित होते ही अरुण मेवाड़ा, उप-कमांडेंट 70वीं वाहिनी एसएसबी लखीमपुर खीरी सीमा चौकी कोठियाघाट से तुरंत दो बोट के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से 13 व्यक्तियों को जीवित बचा लिया गया तथा एक वृद्ध महिला रमजइया देवी का मृत शरीर प्राप्त हुआ।घटना की जानकारी मिलते ही निरीक्षक सामान्य मनीन बरूआ के नेतृत्व में सीमा चौकी निशानगाड़ा से आर.आर.टी टीम घटनास्थल पर पहुंची और बचाव एवं खोज अभियान प्रारंभ किया, किंतु रात्रि के अंधकार के कारण अन्य लापता व्यक्तियों की खोज संभव नहीं हो सकी। इसके पश्चात श्री राजन कुमार श्रीवास्तव, कमांडेंट 70वीं वाहिनी एसएसबी लखीमपुर खीपी एवं श्री राजू यादव, उप-कमांडेंट 70वीं वाहिनी एसएसबी लखीमपुर खीरी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ समय बाद पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय जनता एवं पीड़ित परिवारों से मुलाकात की गई तथा एक वृद्ध महिला, जिसकी स्थिति गंभीर थी, को सशस्त्र सीमा बल के वाहन द्वारा तत्काल जिला अस्पताल बहराइच भेजा गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार अब तक 08 व्यक्ति लापता हैं, जिनमें 02 नाव चालक, एक महिला एवं 05 बच्चे शामिल हैं। वर्तमान में 70वीं वाहिनी एसएसबी, लखीमपुर खीरी, स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन, एस.डी.आर.एफ एवं एन.डी.आर.एफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं खोजबीन कार्य में निरंतर जुटी हुई है। क्षेत्र में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है ।