फतेहपुर से लखनऊ तक शुरू हुई सद्भावना अखंड सरदार पटेल रथ यात्रा, लौह पुरुष के आदर्शों पर चलने का आह्वान

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष जनसेवक राजेश सिंह के नेतृत्व में यात्रा का शुभारंभ
FATEHPUR NEWS: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष जनसेवक राजेश सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को फतेहपुर से लखनऊ तक “सद्भावना अखंड सरदार पटेल रथ यात्रा” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आरंभ प्रातः 9:00 बजे पटेल नगर चौराहा स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद डॉ. अशोक पटेल, विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, विधायक डॉ. बाबूलाल, पूर्व प्रधानाचार्य एवं सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रभु दत्त दीक्षित, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमारी लोधी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष मुखलाल पाल उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष जनसेवक राजेश सिंह ने कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल ने देश की प्रशासनिक व शैक्षणिक व्यवस्था को संगठित कर आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने आईएएस जैसी संस्थाओं की कल्पना कर देश को स्थायी प्रशासनिक ढांचा दिया। विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि आज हम भारत को अखंड रूप में देख पा रहे हैं तो यह सरदार पटेल के अद्वितीय कर्तृत्व और दूरदृष्टि का परिणाम है। पूर्व सांसद डॉ. अशोक पटेल ने कहा कि देश आज सरदार पटेल के सपनों के भारत की ओर अग्रसर है। वहीं राजकुमारी लोधी ने कहा कि मातृशक्ति को जो सम्मान आज मिला है, उसके मूल में भी सरदार पटेल के विचार निहित हैं। कार्यक्रम के उपरांत लगभग पचास चारपहिया वाहनों व पाँच बसों के काफिले के साथ रथ यात्रा को सभी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रथ यात्रा का नेतृत्व जनसेवक राजेश सिंह, आचार्य कमलेश योगी, बाबा रामसनेही, कैप्टन राजेश द्विवेदी, डॉ. पी.के. सिंह, जयकरण सिंह पटेल, सुमन वर्मा, महेंद्र सिंह आदि ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *