फतेहपुर पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई तीन लूट की वारदातें, मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

तीन देशी तमंचे, कारतूस, मोटरसाइकिल और 10,480 रुपये बरामद
FATEHPUR NEWS: थाना कल्याणपुर पुलिस ने जबरदस्त सफलता हासिल करते हुए 24 घंटे के भीतर लूट की तीन घटनाओं का खुलासा कर तीन शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से तीन देशी तमंचे, तीन जिंदा व दो खोखा कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा 10,480 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना कल्याणपुर क्षेत्र में बीते दिन तीन लूट की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गुरुवार की देर रात जुगत खेड़ा रोड स्थित ग्राम दूधी कगार के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान विवेक यादव पुत्र स्वर्गीय राजेश यादव, निवासी गहबरा खेड़ा मजरे गुनीर (घायल), शिवम यादव पुत्र राम मनोहर, निवासी पाली खेड़ा तथा राजन यादव पुत्र स्व. अनिल यादव, निवासी गहबरा खेड़ा मजरे गुनीर, थाना कल्याणपुर के रूप में हुई है। यह पुलिस कार्रवाई थाना कल्याणपुर क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुठभेड़ में शामिल सभी अभियुक्तों के विरुद्ध कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनके पास से बरामद असलहे व कारतूस के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक चंदन सिंह, उप निरीक्षक सुमित तिवारी, वरिष्ठ उप निरीक्षक रविशंकर कुमार, उप निरीक्षक कमलेश सरोज, उप निरीक्षक उमेश कुमार, उप निरीक्षक चंद्रसेन यादव, आरक्षी वसीम खान, दुर्गेश सिंह और सत्येन्द्र राजावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *