Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

नहरिया से सौजन्या तक जानलेवा पोल चिन्हित, 10 दिन में हटाने का अल्टीमेटम
LAKHIMPUR KHERI NEWS: 31 अक्टूबर को शहर की डॉन बॉस्को नहरिया से सौजन्या चौक मार्ग पर आमजन की परेशानी का सबब बने खतरनाक विद्युत पोलों से अब जल्द राहत मिलेगी।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने शुक्रवार को राजापुर चौराहे से सौजन्या चौक तक पैदल निरीक्षण कर फोरलेन परियोजना का जायजा लिया और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर एक-एक खतरनाक पोल को स्वयं चिन्हित किया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने जब कई जगह पोल सड़क के बीचोंबीच देखे तो वे भड़क उठे। मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के अफसरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 10 दिन के भीतर सभी खंभे हट जाएं, किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सड़क पर खड़े ये खंभे किसी भी वक्त हादसे को जन्म दे सकते हैं, इसलिए बिना देरी किए तुरंत कार्रवाई हो। उन्होंने खुद पोलों के फोटो खिंचवाकर निगरानी का रिकॉर्ड तैयार करने के भी निर्देश दिए। सीडीओ अभिषेक कुमार ने मौके पर ही राजापुर चौराहे से डॉन बॉस्को नहरिया तक चल रहे फोर-लेन निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। पोल शिफ्टिंग कार्य की गति देखकर उन्होंने संतोष जताया, लेकिन साथ ही बचे हुए 10 प्रतिशत पोल शिफ्टिंग कार्य को आज शाम तक पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। शहरवासी अब और परेशान न हों, काम तेजी से पूरा किया जाए। सीडीओ के पैदल भ्रमण से विभागीय अफसरों में खलबली मच गई। अधिकारियों ने मौके पर ही पोल शिफ्टिंग की कार्रवाई तेज करने का आश्वासन दिया। स्थानीय नागरिकों ने सीडीओ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क पर खंभों के कारण हादसों का डर बना रहता था। अब उम्मीद है कि सीडीओ की सक्रियता से शहर की सड़कों से जल्द ही ‘खतरे के खंभे’ गायब होंगे और लोगों को सुगम आवाजाही का तोहफा मिलेगा।