Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

एनएच-730 पर भरौली के पास हुआ दर्दनाक हादसा, ढेबरुआ पुलिस जांच में जुटी
SIDHARTHNAGAR NEWS: एनएच-730 (बढ़नी–ढेबरुआ मार्ग) पर शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे भरौली के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक चालक की लापरवाही ने सड़क पर सैकड़ों भेड़ों की जान ले ली। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क पार कर रहे मवेशियों के झुंड को चालक संभाल नहीं पाया और ट्रक सीधे भेड़ों पर चढ़ गया। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कई भेड़ें मौके पर ही तड़पकर मर गईं। इसी बीच ट्रक की चपेट में आने से एक मैजिक गाड़ी (संख्या एमएच 04 एलक्यू 5961) भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें सवार चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही ढेबरुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के समय सड़क पर कई लोग गुजर रहे थे। यदि कुछ सेकंड का भी अंतर होता, तो कोई बड़ी मानव त्रासदी घट सकती थी। लोगों ने कहा कि एनएच-730 पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही से हादसे होते रहते हैं, परंतु कार्रवाई नहीं होती। ईश्वर की कृपा रही कि इस हादसे में इंसानों की जान बच गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से एनएच-730 पर ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नियमित गश्त की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।