डीएम-एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में कालपी तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित

39 शिकायतों में से 7 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण,शेष में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
JALAUN NEWS: जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील कालपी के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में किया गया।
आम नागरिकों की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मौके पर जांच आवश्यक है, वहां राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक न्याय मिल सके।उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवर आदि सम्बंधित शिकायतों का निस्तारण के समय जीपीएस फोटो सहित स्थलीय निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करें। कोई भी अधिकारी अपने कार्यालय में बैठकर बिना निरीक्षण के निस्तारण नहीं करेगा, अन्यथा उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि पुलिस का कार्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता का विश्वास कायम रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे जनता से संवाद बनाए रखें और शिकायतों का शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 39 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित टीमों को आज शाम तक गुणवत्तापूर्ण व पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह, सीओ अबधेश सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *