Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल-कॉलेज, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर चलाया जनजागरूकता अभियान
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत रविवार को जनपद के सभी थानों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में गठित मिशन शक्ति टीमों एवं एंटी रोमियो स्क्वाड ने जिलेभर के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। टीमों ने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाई जा रही प्रमुख योजनाओं — मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केन्द्र योजना आदि के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सुरक्षा के लिए उपलब्ध महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 और सायबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 प्रमुख हैं।
एंटी रोमियो टीमों ने मोबाइल में पैनिक बटन के प्रयोग की डेमो प्रस्तुति भी दी और महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने के उपाय बताए। कार्यक्रम के दौरान पंपलेट वितरण, जनसंवाद और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया गया। पुलिस कर्मियों ने बालिकाओं से आत्मरक्षा के लिए स्वयं सशक्त बनने की अपील की और कहा कि समाज तभी सुरक्षित होगा जब महिलाएं निर्भीक होकर आगे बढ़ेंगी। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थानों पर प्रतिदिन इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश घर-घर तक पहुंचे।