Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

बंद हो सकती हैं किसान सम्मान निधि की किश्त
FATEHPUR NEWS: जिले में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत पंजीकृत 3.98 लाख किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। जिले के 52 प्रतिशत किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, जिसके कारण उनकी सम्मान निधि की किस्तें बंद हो सकती हैं। सरकार ने सभी किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य कर दिया है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कुल 3.98 लाख पंजीकृत किसानों में से 1.91 लाख ने फार्मर रजिस्ट्री करा ली है। हालांकि, 2.07 लाख किसान (52 प्रतिशत) ऐसे हैं जो बिना रजिस्ट्री के ही सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त, 27,000 किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री तो करा ली है, लेकिन उन्हें अभी तक निधि का लाभ नहीं मिल रहा है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसान 15 नवंबर तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराते हैं, तो न केवल उनकी सम्मान निधि की किस्तें बंद कर दी जाएंगी, बल्कि उन्हें अन्य सरकारी कृषि योजनाओं के लाभ से भी वंचित कर दिया जाएगा। किसानों को जागरूक करने और छूटे हुए किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के लिए 15 नवंबर तक विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों में किसान अपनी रजिस्ट्री करा सकते हैं। फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए एक पहचान पत्र के रूप में कार्य करेगी और कई लाभ प्रदान करेगी। इसमें खाद, बीज और दवा की आपूर्ति में आसानी, किसान कार्ड के माध्यम से कृषि ऋण की सुविधा, तथा धान, गेहूं या अन्य सरकारी बिक्री केंद्रों पर अलग से पंजीकरण की आवश्यकता न होना शामिल है। साथ ही, सम्मान निधि की किस्तें बिना किसी बाधा के मिलती रहेंगी। किसान किसी भी इंटरनेट कैफे, सरकारी पंजीकरण कैंप, कृषि प्राविधिक सहायक, ऐप या कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, सभी खतौनी और खसरा नंबर का विवरण आवश्यक है। आधार से लिंक फोन नंबर दर्ज कराना अनिवार्य है, जिस पर ओटीपी आएगा। उप निदेशक कृषि प्रसार सत्येंद्र सिंह ने किसानों से अपील की है कि वे 15 नवंबर की समय-सीमा से पहले अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य करा लें, ताकि वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न हों।