निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण, विधान परिषद निर्वाचन एवं फसल क्षति सर्वे पर डीएम ने दिए निर्देश

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक, सभी एसडीएम व बीडीओ रहे उपस्थित
JAUNPUR NEWS: पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण-2025 (SIR), विधान परिषद निर्वाचन तथा फसल क्षति सर्वे के संबंध में रविवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पंचायत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कर एसडीएम लॉगिन से तत्काल फीडिंग कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि ई-बीएलओ ऐप से फीड किए गए डेटा का अनुमोदन (अप्रूवल) भी शीघ्रता से कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि ऑनलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच कर एसडीएम लॉगिन से अप्रूव या रिजेक्ट किया जाए। जनपद स्तर पर फीड किए जाने वाले डेटा की पाण्डुलिपि की दो प्रतियां 5 नवम्बर तक जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) जौनपुर में अनिवार्य रूप से जमा की जाएं। विधान सभा निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार 4 नवम्बर से बीएलओ द्वारा गणना पत्रक का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत प्राप्त हो रहे फार्म-18 एवं फार्म-19 की ऑनलाइन प्रविष्टि व सत्यापन कार्य समय से पूर्ण कर विधान परिषद निर्वाचक नामावली की तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया। फसल क्षति सर्वे के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा से हुई क्षति का प्लॉटवार सर्वे राहत पोर्टल पर अपलोड कर सत्यापन किया जाए ताकि पीड़ित किसानों को शीघ्र राहत मिल सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राम अक्षय आर. चौहान, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *