Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने दिखाया मानवीय सहयोग और संगठन की सक्रियता
FATEHPUR NEWS: बीते दिनों रायबरेली में हुए स्व. हरिओम बाल्मीकि हत्याकांड के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पीड़ित परिवार से किया गया वादा अब जमीन पर उतरता दिख रहा है। मृतक की कैंसर पीड़ित बहन सुमन सागर का उपचार अब कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट, लखनऊ में शुरू कर दिया गया है। राहुल गांधी की पहल और कांग्रेस की संवेदनशीलता का उदाहरण तब देखने को मिला जब जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी सक्रिय रूप से पीड़ित परिवार की मदद में आगे आए। कांग्रेस शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा और जिला उपाध्यक्ष कलीम उल्ला सिद्दीकी कैंसर पीड़िता सुमन सागर को लेकर लखनऊ पहुंचे, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच कर उपचार प्रारंभ किया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने बताया कि हमारे नेता एवं जन हितैषी राहुल गांधी जी ने जिस हमदर्दी के साथ पीड़ित परिवार का दर्द सुना था, उसी दिशा में अब इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कांग्रेस परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता की जा रही है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की टीम ने प्रारंभिक जांच की है और रिपोर्ट एक सप्ताह बाद आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे का इलाज तय किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पीड़िता को देश के किसी भी बड़े संस्थान में ले जाने में देर नहीं की जाएगी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने यह भी आश्वस्त किया कि पार्टी मृतक हरिओम बाल्मीकि के परिवार की हर जरूरत में साथ खड़ी है और उन्हें न्याय व सहयोग दिलाने के लिए सतत प्रयास जारी है। शहर के तुराब अली का पुरवा में रहने वाला बाल्मिकी परिवार जो कभी अन्याय और शोक में डूबा हुआ था, अब कांग्रेस के इस कदम से उम्मीद की किरण देख रहा है। स्थानीय निवासियों ने राहुल गांधी और कांग्रेस संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया है।