डीपीएस पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई कार्यशाला, छात्रों को दी गई नए आपराधिक कानूनों की जानकारी

एनसीएल जागरूकता अभियान 2.0 के तहत खखरेरू पुलिस ने किया विद्यार्थियों को जागरूक
FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में और जनपद में चल रहे एनसीएल (न्यू क्रिमिनल लॉ) जागरूकता अभियान 2.0 के तहत मंगलवार को थाना खखरेरू पुलिस द्वारा डीपीएस पब्लिक स्कूल, फतेहपुर में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी खखरेरू और पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को देश में लागू हुए नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस 2023), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस 2023) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए 2023) से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये नए कानून भारत की न्याय प्रणाली को और अधिक लोकहितकारी, त्वरित व पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम हैं। उन्होंने छात्रों को बताया कि इन कानूनों में पीड़ितों को न्याय दिलाने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराध, सड़क अपराध, और डिजिटल साक्ष्यों से संबंधित कई नए प्रावधान जोड़े गए हैं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि नागरिकों के लिए इन कानूनों की जानकारी होना क्यों जरूरी है। जागरूक नागरिक ही अपराधों की रोकथाम और न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग कर सकते हैं। इस अवसर पर छात्रों ने भी कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस टीम ने सरल भाषा में जवाब दिया। कार्यशाला में पुलिस कर्मियों ने छात्रों से अपील की कि वे समाज में कानूनी जागरूकता के प्रचारक बनें और अपने परिवार व मित्रों को भी नए कानूनों की जानकारी दें, ताकि हर नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सके। अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी विद्यार्थियों को कानूनी साक्षर नागरिक बनने की शपथ दिलाई और एनसीएल जागरूकता अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने नए कानूनों की जानकारी को समाज के लिए उपयोगी और आवश्यक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *