Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: 4 नवंबर को धौरहरा तहसील का ऐतिहासिक ठुठवा मेला एक बार फिर आस्था और परंपरा का संगम बनने को तैयार है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर मंगलवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल व एसपी संकल्प शर्मा ने अफसरों संग मेला स्थल पहुंचकर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी। डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी प्राथमिकता है, किसी को भी असुविधा नहीं होनी चाहिए, हर व्यवस्था सटीक और व्यवस्थित हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खोया-पाया केंद्र पर तैनात कर्मियों को श्रद्धालुओं और आगंतुकों को तत्काल मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र हर समय सक्रिय रहे ताकि कोई भी श्रद्धालु असहाय न दिखे। डीएम ने मेला पहुंच मार्ग को दुरुस्त करने, प्रकाश व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष जोर
डीएम-एसपी ने स्नान घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने घाटों पर बैरिकेडिंग करने, गोताखोरों की पर्याप्त संख्या में तैनाती करने और पुलिस बल की सक्रिय निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। डीएम ने यह भी कहा कि महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम बनाए जाएं, जिससे स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को पूरी सुविधा मिल सके। डीएम ने निर्देश दिए कि मेला स्थल, घाटों और रास्तों पर पर्याप्त लाइटिंग, कचरा निस्तारण, पेयजल व्यवस्था, और चिकित्सा सहायता केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए एम्बुलेंस और राहत दल चौबीसों घंटे सतर्क रहेंगे। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले की तैयारियों में किसी भी स्तर पर कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।ठुठवा मेला जिले की आस्था और परंपरा का प्रतीक है, इसे स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान एडीएम अनिल कुमार रस्तोगी, एसडीएम शशिकांत मणि, सीओ एसबी सिंह, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता केके झा, डीपीआरओ विशाल सिंह, बीडीओ धनप्राप्त, तहसीलदार आदित्य विशाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।