खनन माफियाओं का सेफ हाउस बना जालौन

हेमनपुरा के गाटा संख्या 240 खंड-1 में धड़ल्ले से चल रहा अवैध मौरंग खनन, प्रशासन मौन
JALAUN NEWS: जिले में खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे खुलेआम सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। हेमनपुरा क्षेत्र के गाटा संख्या 240 खंड-1 में अवैध मौरंग खनन दिन-रात जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभागीय अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय खामोश बैठे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अभैध्या इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के नाम से खनन पट्टा लिया गया है, परंतु निर्धारित क्षेत्र और गहराई से कहीं अधिक मौरंग की खुदाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि अंकित गुप्ता, जो इस खनन से जुड़ा बताया जा रहा है, को जिला प्रशासन का अप्रत्यक्ष संरक्षण प्राप्त है।
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि खनन अधिकारी स्थलीय निरीक्षण तक करने नहीं आते, जिससे खनन माफियाओं के हौसले और बढ़ गए हैं। रात-दिन मशीनों के जरिए मौरंग की खुदाई कर ट्रकों में भरकर बाहर भेजी जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर अंकुश लगाया जा सके।
ग्रामीण बोले — “खुलेआम खनन हो रहा है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं”
स्थानीयों ने आरोप लगाया कि रात के अंधेरे में दर्जनों ट्रक अवैध मौरंग लेकर निकलते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
खनन की लगातार हो रही अवैध गतिविधियों के बावजूद खनन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि मोटे लाभ के चलते कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *