Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

फतेहपुर पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत गुरुवार को जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने जागरूकता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों और धार्मिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुमन योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना जैसी योजनाएं शामिल रहीं। इसके साथ ही टीमों ने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी। लोगों को वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 जैसे नंबरों की उपयोगिता बताई गई। अभियान के तहत पुलिस कर्मियों ने पंपलेट बांटकर लोगों को जागरूक किया और मोबाइल में पैनिक बटन व इमरजेंसी कॉल फीचर का डेमो भी दिया। पुलिस विभाग ने बताया कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा ताकि जिले की हर महिला और बालिका सुरक्षा के प्रति सजग हो सके।