संस्थापक जन्मदिन पर मेधावियों की मनमोहक प्रस्तुतियों व राष्ट्रपरक पंक्तियों से बंधी समां

वर्मा नगर के यमुना प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चोटी के साहित्यकारों ने साहित्य सुर संगम को दिया धार
PRATAPGARH NEWS: वर्मा नगर स्थित यमुना प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में साहित्य सुर संगम व संस्थापक जन्मदिन समारोह में साहित्यकारों तथा मेधावियों की राष्ट्रपरक प्रस्तुतियों से सामाजिक सरोकारों को जीवन्तता मिली दिखी। संस्थापक यमुना प्रसाद यादव के जन्मदिन पर हुए भव्य समारोह का शुभारंभ बीएचयू हिन्दी विभाग की व्याख्याता डॉ0 प्रियंका सोनकर व अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने साहित्यकारों एवं अतिथियों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। विद्यालय के छात्र छात्राओं शालिनी, रियांशी, सलोनी, आर्या, धीरू, सोमदीप, अहम, पीयूष, आयुष, अभिनव आदि द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गान व भाव नृत्य जैसे मनमोहक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों पर अभिवावकों की तालियां गूंजी। मुख्य अतिथि डॉ0 प्रियंका सोनकर ने शैक्षिक मूल्यों के संवर्धन में बालिका सशक्तीकरण पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि अटेवा प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने छात्र छात्राओं के ज्ञानवर्धन के लिए शिक्षकों में समर्पण बोध की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन छात्रा अंजली पाल व काजल सिंह ने संयुक्त रूप से किया। प्रारम्भ में प्रबन्ध निदेशक अभिषेक यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रधानाचार्य पारसनाथ वर्मा ने शैक्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत की। समारोह में संयोजक कवि लवलेश यदुवंशी के संयोजन में उच्चस्तरीय काव्यपाठ के जरिये साहित्यकारो ने सामाजिक एवं राष्ट्रीय सरोकारों की मजबूती का सार्थक संदेश दिया। बलिया की कवयत्री प्रतिभा यादव की वाणी वंदना मनमोहक दिखी। मध्य प्रदेश से आये हास्य कवि अमित शुक्ला ने हास्य के साथ सामाजिक चेतना का सशक्त संदेश दिया। बाराबंकी के गीतकार शिवकिशोर तिवारी खंजन, आगरा के पवन आगरी, दिल्ली के  वरिष्ठ कवि मनवीर मधुर, मुजफ्फर नगर की प्रीति अग्रवाल की राष्ट्रीयता से ओतप्रोत पंक्तियों श्रोताओं के बीच खूब सराही गयी। संयोजक कवि लवलेश यदुवंशी ने आपरेशन सिन्दूर के शौर्य का शानदार बखान किया। संचालन इटावा के डॉ0 कुमार मनोज की विधा भी श्रोताओं को पसन्द आयी। संस्थापक यमुना प्रसाद यादव ने प्रतिभा निर्माण के क्षेत्र में संकल्पों को मजबूत बनाने के सतत अभियान की घोषणा की। सुप्रसिद्ध गायक प्रदीप गुप्ता के संगीतमयी भजनों से भी वातावरण मनमोहक दिखा। इस मौके पर गरिमा सिंह, अभयराज, अनुज, महेश बहादुर, डॉ0 संजय दुबे, रामप्रकाश यादव, राधारमण, सुनील, महिमा सिंह आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *