Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा : आशीष पटेल
MIRZAPUR NEWS: शनिवार को विंध्याचल स्टेशन से बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को कैबिनेट मंत्री (प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले) आशीष पटेल, विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक छानबे रिंकी कोल और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई चार नई वंदे भारत ट्रेनों में से एक है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि “वंदे भारत ट्रेन विंध्याचल स्टेशन के लिए स्वर्णिम उपलब्धि है। इससे काशी, विंध्याचल और खजुराहो जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ट्रेन से यात्रा समय घटकर आधा रह गया है। मंत्री ने बताया कि मीरजापुर में रेलवे के कई विकास कार्य चल रहे हैं, जिनमें दो फुट ओवरब्रिज, चुनार-चोपन रेल डबलिंग और न्यू मीरजापुर स्टेशन शामिल हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री व रेलमंत्री को उसके लिए मैं हृदय से धन्यवाद देता हूं। मंत्री ने बताया कि एक और वंदे भारत ट्रेन का प्रस्ताव भेजा गया है, जो जल्द शुरू होगी। मंत्री ने कहा कि मिर्जापुर में रेलवे से जुड़े कई कार्य तेजी से हो रहे हैं। सांसद अनुप्रिया पटेल की पहल पर दो फुट ओवरब्रिज बने हैं, विंध्याचल-मिर्जापुर स्टेशनों को विशेष स्कीम में शामिल किया गया है, चुनार-चोपन रेल डबलिंग और प्रयागराज-मुगलसराय तीसरी लाइन का कार्य जारी है। न्यू मिर्जापुर और न्यू डगमगपुर स्टेशन से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर भी संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब प्रधानमंत्री और रेल मंत्री की दूरदृष्टि का परिणाम है। साथ ही बताया कि जल्द ही मुगलसराय से लखनऊ जाने वाली ट्रेन को पुनः मिर्जापुर तक बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। विधायक नगर रत्नाकर मिश्र ने कहा कि वंदे भारत का संचालन विंध्याचल से शुरू होना ऐतिहासिक पल है। यह ट्रेन क्षेत्र के विकास, पर्यटन और व्यापार को नई गति देगी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली, अध्यक्ष जिला पंचायत राजू कनौजिया, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्याम सुंदर केसरी, एसएसपी सोमेन बर्मा, भाजपा व अपना दल के पदाधिकारी तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मंत्री आशीष पटेल ने विंध्य विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं को “विंध्याचल और आत्मनिर्भर भारत” विषय पर आयोजित निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बाद में उन्होंने नटवा रेलवे अंडरपास का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।