Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

वरिष्ठ सीएसआर मैनेजर फिरोज़ ख़ान बोले — गोल्डन आवर में मदद करना जीवन बचाने जैसा है
FATEHPUR NEWS: त्रिवेणी संगम हाईवे प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शनिवार को थाना कल्याणपुर परिसर में पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। आयोजन पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ सीएसआर मैनेजर फिरोज़ ख़ान ने कहा कि आने वाला कल तभी सुरक्षित होगा, जब हर माता-पिता अपने बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि लापरवाही से वाहन चलाना स्वर्ग जाने जैसा काम है, इसलिए वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है। फिरोज़ ख़ान ने बताया कि भारत में सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग न करना है। उन्होंने कहा कि अगर सिर पर हेलमेट नहीं है, तो एक मामूली चोट भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना के दौरान गोल्डन आवर यानी हादसे के बाद के पहले एक घंटे का समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल व्यक्ति की वीडियो न बनाकर तुरंत अस्पताल पहुँचाना उसकी जान बचा सकता है। ऐसी मदद से सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या को लगभग 50 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। कार्यक्रम में सैकड़ों वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए और उनके वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इस अवसर पर थाना कल्याणपुर के पुलिस स्टाफ और रूट पेट्रोलिंग टीम मौजूद रही।