कांग्रेस ने चलाया वृहद संगठन सृजन अभियान, एसआईआर मुद्दे पर बनी रणनीति

आज जिले में होगी बड़ी बैठक, मतदाता सूची से नाम कटने के मुद्दे पर कांग्रेस आक्रामक
FATEHPUR NEWS: कांग्रेस पार्टी ने संगठन सृजन अभियान के तहत शनिवार को बहुआ ब्लॉक के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष हेमलता पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष शबनम और वरिष्ठ नेता देवी प्रकाश दुबे सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश में भी बिहार की तर्ज पर एसआईआर कार्यक्रम लागू करने की तैयारी की जा रही है, जिसका कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दल विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना के माध्यम से वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित होगी। महेश द्विवेदी ने कहा कि बिहार में इस योजना के चलते लाखों मतदाताओं के नाम सूची से काटे जा चुके हैं, जिनमें जीवित लोगों को मृत दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर जिलेभर में जनजागरूकता अभियान चलाएगी ताकि मतदाता अपने अधिकारों के प्रति सतर्क रहें और किसी वर्ग या समुदाय को अनुचित रूप से वंचित न किया जा सके। शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने बताया कि इसी क्रम में 9 नवंबर को फतेहपुर शहर में रोडवेज वर्कशॉप के सामने स्थित एक लॉन में कांग्रेस कमेटी की बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी रणनीति और संगठन विस्तार पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जा रही है, जिससे पार्टी की नीतियां और विचार जन-जन तक पहुंच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *