तिकुनिया हिंसा में गवाही देने पहुंचे सीएमएस डाक्टर कोली को हार्ट अटैक, लखनऊ किए गए रेफर

LAKHIMPUR KHERI NEWS: लखीमपुर खीरी के तिकुनिया हिंसा मामले में गवाही देने के लिए शुक्रवार को जिला न्यायालय पहुंचे जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. आरके कोली की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिला अस्पताल ले जाने पर फिजिशियन टीम ने उन्हें हार्ट अटैक की पुष्टि की। डॉ. कोली 2021 में तीन अक्तूबर को हुई इस हिंसा के वक्त जिला अस्पताल में ही तैनात थे। घटना में मारे गए आठ लोगों का पोस्टमॉर्टम करने वाली डॉक्टरों की टीम में वह भी शामिल थे। शुक्रवार को गवाही के लिए वह एडीजे देवेंद्र नाथ सिंह की अदालत पहुंचे। तभी कुछ दिक्कत महसूस करते हुए वह डीजीसी को जानकारी देने के बाद वहां से चले गए।
साथी कर्मी उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां ईसीजी के बाद इलाज करके स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। इसके बाद डॉ. कोली को एंबुलेंस से लखनऊ केजीएमयू के लॉरी कार्डियोलॉजी सेंटर भेज दिया गया। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एसके मिश्रा ने बताया कि अब डॉ. कोली की हालत सामान्य व खतरे से बाहर है। शुक्रवार को गवाह डॉ. कोली की हालत नाजुक होने की जानकारी मिलने के बाद एडीजे ने कार्यवाही आगे बढ़ा दी। अब पोस्टमाॅर्टम में शामिल रहे दूसरे डॉक्टर को 11 नंवबर को तलब किया है। डॉ. एसके मिश्रा के बृहस्पतिवार को बयान हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *