Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

डीएम रविन्द्र सिंह बोले – धरोहरों का संरक्षण ही आने वाली पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा उपहार
FATEHPUR NEWS: जनपद फतेहपुर के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद संग्रहालय का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मा. अध्यक्ष, जिला पंचायत अभय प्रताप सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह और मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने फीता काटकर संग्रहालय का उद्घाटन किया। यह संग्रहालय ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, प्रखंड फतेहपुर द्वारा 18.79 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने संग्रहालय में रखी गई ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों, गजेटियर, साहित्यिक और क्रांतिकारियों से जुड़ी पुस्तकों, तथा उत्खनन से प्राप्त पुरातात्विक वस्तुओं का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि फतेहपुर जिले की स्थापना वर्ष 1826 में हुई थी। उन्होंने कहा कि जनपद के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के उद्देश्य से यह संग्रहालय स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य जनपद की धरोहरों को आम जनता तक पहुंचाना और नई पीढ़ी को उनके इतिहास से परिचित कराना है। उन्होंने बताया कि संग्रहालय में आने वाले नागरिकों को फतेहपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक घटनाओं, स्वतंत्रता संग्राम में जिले के योगदान, तथा स्थानीय कलाकारों और समाजसेवियों के कार्यों की जानकारी भी आकर्षक ढंग से मिलेगी। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी के पास जिले से संबंधित ऐतिहासिक वस्तुएं, दस्तावेज, चित्र या जानकारी हो, तो उसे संग्रहालय के साथ साझा करें ताकि आने वाली पीढ़ियां इस अमूल्य विरासत से परिचित हो सकें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी एनआरएलएम, जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता आरईडी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।