Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: थाना सरायख्वाजा क्षेत्र के ग्राम सलहदीपुर में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने युवती पर खुरपी और हथौड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सलहदीपुर निवासी सुशीला देवी पत्नी शिवशंकर यादव ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. कौश्तुंभ को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि दिनांक 07 नवम्बर 2025 को लगभग 12:30 बजे दिन उनके पट्टीदार अर्जुन यादव पुत्र स्व. राजेश यादव, कलावती पत्नी स्व. राजेश यादव, अनुराग यादव पुत्र सुरुचंद्र व काजल पुत्री रमेश यादव विवादित भूमि पर जबरन दरवाजा और खिड़की लगाने का प्रयास कर रहे थे।
सुशीला देवी की पुत्री नीतू यादव ने इसका विरोध किया और मोबाइल से वीडियो बनाने लगी, जिस पर आरोपित लोग नाराज हो गए और एक राय होकर उस पर हमला कर दिया। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि आरोपियों ने नीतू यादव का मोबाइल छीन लिया, उसके कपड़े फाड़ दिए, खुरपी से दाहिने हाथ की कलाई और बांए पैर की एड़ी के पास वार किया तथा दाहिने पैर में हथौड़ी से कील ठोंक दी।
घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर धारा 126, 170 बीएनएसएस 2023 के तहत एसडीएम सदर के न्यायालय में चालान कर दिया। प्रार्थिनी का कहना है कि पीएचसी करंजाकला में डॉ. संतलाल द्वारा मेडिकल परीक्षण किया गया, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट पुलिस ने अपने पास रख ली है। सुशीला देवी ने पुलिस अधीक्षक से घटना की एफआईआर दर्ज कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़िता की चिकित्सीय जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है।