Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जिलाधिकारी बोले घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का करें शत-प्रतिशत वितरण, न लें कोई दस्तावेज
JAUNPUR NEWS: भारत निर्वाचन आयोग के अति महत्वपूर्ण कार्यक्रम विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (S.I.R.) के अंतर्गत जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में बीएलओ के प्रशिक्षण हेतु एक कार्यशाला कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित की गई। प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि को ध्यान में रखते हुए चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण में सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए मतदाता एवं शिफ्टेड मतदाता के लिए फार्म 6 और 8 के साथ डिक्लेरेशन अनिवार्य है। डॉ. चंद्र ने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण एवं प्राप्ति के दौरान किसी भी प्रकार का कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी के माध्यम से पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जाएगी। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता, धैर्य, विनम्रता और संयम के साथ करें तथा शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्य में लेखपाल, सीडीपीओ, सुपरवाइजर सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी सहयोग करेंगे। डॉ. चंद्र ने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची ही निष्पक्ष निर्वाचन की पहचान होती है, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी इस कार्यक्रम में सक्रियता से भाग लें ताकि जिले की निर्वाचन प्रक्रिया और अधिक सशक्त एवं विश्वसनीय बन सके। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अक्षयबर चौहान, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, तहसीलदार सदर, सीडीपीओ, बीएलओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।