बुद्ध की धरती से ज्ञान का संदेश: राज्यपाल ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के नवम दीक्षांत समारोह में 37 स्वर्ण पदक बांटे, छात्राओं को सराहा

SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने सोमवार को सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के नवम दीक्षांत समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर विश्वविद्यालय की गरिमा को बढ़ाया। राज्यपाल ने मुख्य अतिथि निर्देशक, भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, मोहाली, पंजाब और विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी तथा कुलपति प्रो. कविता शाह के साथ दीप प्रज्वलित कर एवं माँ शारदा के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया। कुलपति प्रो. कविता शाह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। समारोह के अवसर पर ‘उत्कर्ष’ स्मारिका एवं वार्षिक प्रतिवेदन का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा वंदे मातरम और विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति के साथ हुआ।
राज्यपाल का संबोधन: ‘नारी शक्ति’ और ‘विकसित भारत’ पर जोर
कुलाधिपति श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए सिद्धार्थनगर को बुद्ध की पावन धरती बताते हुए नमन किया और कहा कि यह भूमि विश्व को शांति का संदेश देती है। उन्होंने स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे शिक्षा से समाज में परिवर्तन लाएँ और अपने माता-पिता से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाएँ। राज्यपाल ने खुशी व्यक्त की कि आज मेडल प्राप्त करने और डिग्री हासिल करने में लड़कियाँ, लड़कों की अपेक्षा अधिक आगे हैं, जो नारी सशक्तिकरण का प्रमाण है। उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व कप जीतने का उदाहरण देते हुए कहा कि नारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। राज्यपाल ने युवाओं से ‘विकसित भारत’ के राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित देश बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता के प्रति जागरूकता, कम पानी वाली खेती और सभी बेटियों का एचबी (हीमोग्लोबिन) टेस्ट कराने पर भी जोर दिया।
37 स्वर्ण पदक और 32 पीएचडी उपाधियाँ वितरित
कुलपति प्रो. कविता शाह ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2025 में 69,004 छात्राओं का पंजीकरण हुआ है और डिजिटल लाइब्रेरी तथा स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। दीक्षांत समारोह के अवसर पर राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल द्वारा स्नातक और स्नातकोत्तर में कुल 37 स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र, 11 अक्षय निधि डोनर स्वर्ण पदक तथा 32 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधियाँ प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने वर्ष 2025 की डिग्रियों को डीजी पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड भी किया। इस भव्य समारोह में सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल, विधायक इटवा माता प्रसाद पाण्डेय, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा सहित बस्ती मंडल के आयुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *