Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दूसरे दिन भी जारी रहा आंदोलन, किसानों ने दी चेतावनी – कहा, समस्याओं का समाधान न हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
FATEHPUR NEWS: धाता नगर पंचायत कार्यालय परिसर में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गुट का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने डीएपी खाद की किल्लत, धान क्रय केंद्र न खुलने, और बिजली विभाग की मनमानी समेत कई समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता कर रहे भाकियू (टिकैत) धाता ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि किसान कई दिनों से डीएपी खाद की कमी से जूझ रहे हैं, जिससे गेहूं की बुवाई प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर धान क्रय केंद्र न खुलने से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना में धांधली, राजस्व विभाग की लापरवाही और पुलिस द्वारा किसानों की शिकायतों पर कार्रवाई न होने से किसान वर्ग में आक्रोश व्याप्त है। धरने पर बैठे किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ठंड के बावजूद किसानों ने “जय जवान, जय किसान” के नारों के साथ अपने हक की लड़ाई को और बुलंद किया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि शासन-प्रशासन ने उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।