सीएम डैश बोर्ड रैंकिंग सुधारें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम ने दी कड़ी चेतावनी

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी  शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैश बोर्ड (विकास कार्यों) और निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में जिलाधिकारी ने कम रैंकिंग वाले विभागों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें तुरंत सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम योजना, छात्रवृत्ति, पेंशन और अन्य सभी योजनाओं के लाभार्थियों को शीघ्र लाभ दिलाना सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में ट्रांसफार्मर बदलवाने, खुले में ट्रांसफार्मर न रखने (जाली लगाने), शेड्यूल के अनुसार विद्युत आपूर्ति करने और स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन तार हटवाने का निर्देश दिया। पीएम सूर्य घर योजना में लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पर असंतोष जताते हुए सभी अधिकारियों को सहयोग कर लक्ष्य पूर्ण करने को कहा गया। डीएम ने स्वयं सहायता समूहों का गठन कर उन्हें रिवॉल्विंग फंड देने तथा छात्रवृत्ति योजना का लक्ष्य शिक्षण संस्थानों से समन्वय बनाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त अधिशासी अभियंताओं और प्रोजेक्ट मैनेजरों को चल रहे कार्यों को समय से और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने की हिदायत दी। लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण कार्य समय से पूरा करने, और जल जीवन मिशन के अंतर्गत ओवर हेड टैंक का निर्माण समय से पूरा कर टैप कनेक्शन पूर्ण कराकर जलापूर्ति शुरू कराने तथा खोदी गई सड़कों को ठीक कराने का निर्देश दिया गया। उप कृषि निदेशक को फार्मर रजिस्ट्री में प्रगति लाने और पराली प्रबंधन पर ध्यान देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सीएम डैश बोर्ड पर समय से फीडिंग करने और कार्य में प्रगति लाकर विभाग को प्रथम श्रेणी में लाने का निर्देश दिया। बैठक में 50 लाख से ऊपर के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने और पूर्ण हो चुके कार्यों का सत्यापन कराकर शीघ्र हैंडओवर कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *