मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने को सीएमओ ने किए निरीक्षण

LAKHIMPUR KHERI NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को तत्काल एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने जिले के दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों लागुचा व खीरी टाउन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मेले में मौजूद विभिन्न स्वास्थ्य काउंटरों, पंजीकरण व्यवस्था, दवा वितरण, लैब जांच, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से जायज़ा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित मरीजों से संवाद कर यह जानकारी प्राप्त की कि उन्हें समय पर एवं संतोषजनक सेवाएं मिल रही हैं या नहीं।
सीएमओ ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जन आरोग्य मेलों की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है। इसके अंतर्गत सभी एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, अधीक्षक तथा जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भ्रमण कर सेवाओं की समीक्षा की गई है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर आमजन को जागरूक करना और बीमारियों का त्वरित निदान सुनिश्चित करना है। जनपद में आयोजित हो रहे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *