Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

1450 लोगों ने मिलकर एक गरीब दिवंगत परिवार की करी मदद
FATEHPUR NEWS: जनपद में सामाजिक सहयोग का एक अनूठा उदाहरण सामने आया है, जहां 1450 लोगों ने मिलकर दिवंगत सीताराम साहू के परिवार को 3 लाख 07 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह राशि ‘मानवता परिवार’ संगठन के सदस्यों द्वारा 200-200 रुपये के सहयोग से सीधे मृतक के पुत्र दीपक साहू के बैंक खाते में हस्तांतरित की गई। यह सहायता राशि फतेहपुर के तांबेश्वर चौराहे पर आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा के दौरान जुटाई गई। इस सभा में मानवता परिवार की टीम ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। रानी कॉलोनी निवासी सीताराम साहू (50 वर्ष) तांबेश्वर मंदिर के पास भेलपुरी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हृदयाघात से मृत्यु हो गई थी। उनके परिवार में उनकी मां, पत्नी सुनीता, पुत्र दीपक और पुत्री नेहा शामिल हैं। यह आर्थिक सहायता उनके कमजोर परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बनी है। मानवता परिवार के संस्थापक हिमांशु कुमार ने बताया कि उनका संगठन जरूरतमंद सदस्यों की सहायता के लिए हमेशा सक्रिय रहता है। उन्होंने पूर्व में भी दुर्घटनाओं में घायल सदस्यों राजेश कुमार को 26 हजार रुपये, सुनील अग्रहरि को 36 हजार रुपये और प्रेम कुमार को 80 हजार रुपये की मदद प्रदान की थी। शोकसभा के अंत में, मृतक सीताराम साहू के परिवार की ओर से सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया गया। इस कार्यक्रम में संस्थापक हिमांशु कुमार, प्रदेश प्रभारी विनोद चक्रवर्ती, मंडल प्रभारी अभिलाष कुमार, संरक्षक शिव पटेल, ब्लॉक प्रभारी अभिषेक गुप्ता, विनय गुप्ता, रामकिशन, जसवंत कुमार, रजत अग्रहरि, नितिन पटेल, मोनू शर्मा सहित कई सदस्य और दानदाता उपस्थित रहे।