Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

बिजली विभाग को भूमि पर अतिशीघ्र प्रकाश व्यवस्था करने के दिए निर्देश
PRAYAGRAJ NEWS: बाढ़ का पानी कम होने के पश्चात विभिन्न सेक्टरों में उपलब्ध हुई भूमि पर माघ मेला 2026 के दृष्टिगत कराए जा रहे लेवलिंग, सड़क, विद्युत एवं अन्य कार्यों का निरीक्षण आज मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, प्रभारी अधिकारी, माघ मेला, ऋषिराज, अपर मेला अधिकारी दयानंद प्रसाद तथा अन्य सभी संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में किया। उन्होंने सर्वप्रथम शास्त्री ब्रिज पर जाकर ब्रिज के दोनों तरफ उपलब्ध भूमि का आकंलन किया। तत्पश्चात् ओल्ड जीटी एवं छतनाग घाट के समीप उपलब्ध भूमि का भी निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के पश्चात मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों के साथ प्रयागराज मेला प्राधिकरण स्थित आई ट्रिपल सी सभागार में बैठक करते हुए कार्यों की प्रगति के बारे में बिंदुवार चर्चा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से उनके कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जैसे जैसे मेला क्षेत्र में भूमि उपलब्ध होती रही है वह वहां पर अपना अपना कार्य पूर्ण कराते जाएं । उन्होंने खास तौर पर विद्युत विभाग को सभी सेक्टरों में उपलब्ध हुई भूमि पर अतिशीघ्र प्रकाश व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए जिससे कि अन्य विभागों के कार्यों को और तेजी से रात में भी कराया जा सके। मण्डलायुक्त ने पुलिस विभाग के उपस्थित अधिकारियों से पुलिस बल की तैनाती के बारे में जानकारी लेते हुए सभी पुलिस अधिकारियों एवं सिपाहियों को मेला क्षेत्र की पूर्ण जानकारी हेतु प्रशिक्षित करने की व्यवस्था करने को भी कहा जिससे कि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की समस्या न हो।