पांच किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड माफिया फरार

स्कार्पियो सवार गिरोह पुलिस को चकमा देकर भागा, कई नाम आए सामने
FATEHPUR NEWS : किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना पर गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य स्कार्पियो में बैठकर फरार हो गए। पूछताछ में तस्करी रैकेट से जुड़े कई नाम सामने आए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस नरैनी गांव के पास ईंट भट्ठे के समीप पहले से मौजूद थी। इसी दौरान गांजा लेकर पहुंचे तस्करों पर अचानक दबिश दी गई। पुलिस ने असोथर थाना क्षेत्र के झाल गांव निवासी रितिक सैनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 5 किलो 104 ग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार रितिक सैनी से पूछताछ में शिवबरन निषाद, अभिषेक और रामकिंकर अवस्थी के नाम सामने आए हैं, जो फरार तस्करों की सूची में शामिल किए गए हैं। पुलिस ने सभी नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। गिरफ्तार युवक ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से गांजा तस्करी में सक्रिय है और पहले भी स्कार्पियो के माध्यम से लगातार सप्लाई की जाती रही है। इसी सिलसिले में तस्कर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस को देखते ही मौका देखकर भाग निकले। किशनपुर थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि एक अभियुक्त को गांजे सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *