Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: खागा तहसील के ऐरायाँ ब्लॉक में बुधवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव-गांव में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर की समस्याओं से परेशान किसानों ने धूमनकुआं चौराहे पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अचानक बढ़ गए हैं, मीटर तेज़ी से रीडिंग ले रहे हैं, और शिकायतों का समाधान नहीं मिल रहा। भाकियू (टिकैत) गुट के तहसील अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश और युवा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक सिंह के नेतृत्व में किसानों ने महापंचायत कर सरकार के खिलाफ कड़े नारों के साथ विरोध दर्ज कराया। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर स्मार्ट मीटर व्यवस्था वापस नहीं ली गई या उसमें संशोधन नहीं हुआ, तो आंदोलन और बड़ा होगा। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा बताया गया कि स्मार्ट मीटर से कई बड़ी समस्याएं आ रही हैं जिसमें से स्मार्ट मीटर में एकदम से बढ़े बिजली बिल, मीटर की तेज़ रीडिंग से आर्थिक नुकसान, तकनीकी खामियां दूर न होने से परेशानी, ग्रामीण क्षेत्रों में मीटरिंग सिस्टम का असमंजस जैसी कई खामियां नजर आई हैं। इस प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार और एसडीओ हथगाँव को किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सरकार से स्मार्ट मीटर हटाने या समस्याओं के समाधान की मांग की गई। नेताओं ने कहा कि किसान पहले ही महंगी खाद, डीजल और फसल लागत से परेशान है। अब स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल किसान की कमर तोड़ रहे हैं। यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो जिलेभर में चक्का जाम और बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी। किसानों का यह विरोध ऐरायाँ क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर बढ़ रहा असंतोष साफ दिखाता है।
इस दौरान धर्म सिंह चौहान, विवेक सिंह, विपिन सिंह, दीपक मौर्य सहित बड़ी संख्या में युवा किसान नेता और ग्रामीण मौजूद रहे हैं।