Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने विकास खंड कार्यालय तुलसीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों पर चल रहे कार्यों, अभिलेखों के अद्यतन, सुव्यवस्थित रखरखाव तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायत निस्तारण रजिस्टर का गहन अवलोकन किया तथा वहीं से शिकायतकर्ताओं को फोन कर उनके प्रकरणों की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने पेंशन आवेदन सत्यापन प्रक्रिया की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों के पेंशन आवेदन को निर्धारित अवधि के भीतर अनिवार्य रूप से सत्यापित किया जाए। इसके अलावा उन्होंने ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई का निरीक्षण कर आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के गठन में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने ब्लॉक परिसर का भी भ्रमण किया। उन्होंने पाया कि परिसर में एक भवन अच्छी स्थिति में होते हुए भी उपयोग में नहीं है। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे विभाग जिनके विकास खंड स्तरीय कार्यालय किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं, उन्हें इस भवन के हैंडओवर के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए।
उन्होंने परिसर में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने विकास खंड सभागार में कृषकों को बीज किट का वितरण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, खंड विकास अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।