कुल्हाड़ी से युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर

सनकी युवक गिरफ्तार, मोहम्मदपुर गौती गांव की घटना
FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर गौंती गांव में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अचानक पड़ोसी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने पहले सिराथू और बाद में एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती कराया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र कुमार पुत्र भवानीदीन गुरुवार सुबह अपने घर के पास धान सुखाने के लिए बिखेर रहा था। इसी दौरान अरविंद उर्फ़ सोनू यादव घर के सामने बैठा हुआ था। अचानक वह अपने घर के अंदर गया और हाथ में कुल्हाड़ी लेकर निकल आया। मौके पर पहुंचकर उसने राजेंद्र के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना जबरदस्त था कि राजेंद्र मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों ने घायल को तत्काल पड़ोसी जिला कौशांबी के सिराथू अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालात गंभीर बताते हुए उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर रखे हुए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमलावर अरविंद उर्फ़ सोनू को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों के अनुसार, अरविंद का स्वभाव सनकी है और वह मनोवैज्ञानिक रूप से अस्थिर रहता है। बताया गया कि वह कुछ वर्ष पहले एक जघन्य अपराध में एक साल से अधिक समय जेल की सजा काटकर आया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना की जांच में जुटी है। गांव में अचानक हुए इस हमले से दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *