Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

अधिक से अधिक दिव्यांगजनों व वृद्धजनों को लाभ दिलाने पर जोर
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी रविंद्र सिंह ने गुरुवार को अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियांव सिंह राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओटी फ्लोर, चतुर्थ तल, सीएसएसडी, लांड्री, किचन और ऑडिटोरियम की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही मोर्चरी हेतु निर्धारित भूमि का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र का भी निरीक्षण किया। यह केंद्र अक्टूबर 2025 में शुरू हुआ था और एलिम्को (भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम), कानपुर द्वारा संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र के माध्यम से अब तक करीब 500 दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक कृत्रिम अंगों एवं सहायक उपकरणों से लाभान्वित हो चुके हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देशित किया कि दिव्याशा केंद्र का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन और वृद्धजन उपकरण प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों के उपकरण टूट जाते हैं, उनकी मरम्मत आसरा सेंटर, शाहजहांपुर चौडगरा में कराई जा सकती है, जिसे एलिम्को ही संचालित करता है। इस दौरान बताया गया कि दिव्यांगजन के पंजीकरण हेतु आवश्यक दस्तावेज में दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो जबकि वृद्धजनों के पंजीकरण हेतु आवश्यक दस्तावेज में आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो की आवश्यकता पड़ती है। इस मौके पर चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, परियोजना प्रबंधक, स्थानिक अभियंता, लेखाकार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।