Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

21 यंत्रों के लक्ष्य पर 158 किसानों में से 21 किसानों का हुआ चयन
FATEHPUR NEWS: मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत वर्ष 2025-26 में किसानों के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) और इन-सीटू फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) योजनान्तर्गत किसानों द्वारा ऑनलाइन बुकिंग किए गए कृषि यंत्रों के लिए लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। उप कृषि निदेशक ने बताया कि एसएमएएम योजना के अंतर्गत 21 कृषि यंत्रों के लक्ष्य के सापेक्ष 158 किसानों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी, जिनमें से 21 किसानों का चयन किया गया। इन यंत्रों में कस्टम हायरिंग सेंटर, हाई-टेक हब, पटैटो प्लान्टर, मल्टीक्रॉप थ्रेशर, मिनी राइस मिल, रोटावेटर, ट्रैक्टर माउन्टेड स्प्रेयर, पावर वीडर, स्ट्रॉ रीपर और किसान ड्रोन शामिल हैं। इसी प्रकार सीआरएम योजना के तहत 10 लक्ष्य निर्धारित थे, जिनके मुकाबले 58 किसानों ने बुकिंग की। इनमें से 10 किसानों को ई-लॉटरी द्वारा चयनित किया गया है। चयनित यंत्रों में कस्टम हायरिंग सेंटर, जीरो टिल सीड कम फर्टीड्रिल, सुपर सीडर, सरफेस सीडर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर और क्रॉप रीपर शामिल हैं। उप कृषि निदेशक ने चयनित किसानों को निर्देश दिया कि वे पंजीकृत फर्मों से ही कृषि यंत्र खरीदें और खरीद के बाद निर्धारित समय में दर्शन 2.0 पोर्टल पर बिल अपलोड करें, ताकि अनुदान की धनराशि समय पर भेजी जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि यंत्र खरीदने से पूर्व मूल्य का 50 प्रतिशत धनराशि किसान को अपने बैंक खाते से ही विक्रेता के खाते में ट्रांसफर करनी होगी, जिसका प्रमाण सत्यापन के दौरान प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा। इस अवसर पर समिति के सदस्य— उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, एलडीएम, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी, प्रगतिशील किसान, स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधि और विभिन्न विकासखंडों के किसान उपस्थित रहे।