उचित दर विक्रेता चयन में धांधली का आरोप, दबंगई और धमकी की हुई शिकायत

शिकायतकर्ता ने चयन प्रक्रिया को पक्षपातपूर्ण और अवैध बताया
जिले का पूर्ति विभाग फिर से भ्रष्टाचार की चर्चा में
FATEHPUR NEWS: सदर तहसील क्षेत्रांतर्गत भिठौरा ब्लॉक के ग्राम लालीपुर में उचित दर विक्रेता चयन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्रामसभा की खुली बैठक में शासनादेशों का पालन नहीं किया गया और अधिकारियों की मिलीभगत से एक ही व्यक्ति के नाम चयन की घोषणा कर दी गई। इस संबंध में ग्रामीण आकाश कुमार सोनकर निवासी लालीपुर ने जिलाधिकारी को आपत्ति पत्र देकर चयन प्रक्रिया को निरस्त कराने की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि उचित दर विक्रेता की दुकान अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है, लेकिन बैठक में बिना नियमों के पालन के पक्षपातपूर्ण तरीके से निर्णय ले लिया गया। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि गांव में सक्रिय दबंग चिक्कू तिवारी उर्फ अमित तिवारी और उसके साथियों ने बैठक के दौरान दबाव बनाते हुए ग्रामीणों को अपनी पसंद के नाम पर सहमति देने के लिए मजबूर किया। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जिनकी प्रतियां भी शिकायत के साथ प्रस्तुत की गई हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि दबंगई और भय के माहौल के कारण कोई भी खुलकर अपनी बात नहीं रख पाया। प्रार्थी ने जिलाधिकारी से उचित दर विक्रेता चयन को रद्द करने, दोबारा निष्पक्ष चयन कराने, अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत की जांच करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा हस्ताक्षरित आपत्ति पत्र और एफआईआर की प्रतियां जिलाधिकारी को सौंप दी गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *