थाना समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर द्वारा थाना लीलापुर में की गई जनसुनवाई

PRATAPGARH NEWS: शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर द्वारा थाना लीलापुर पर पहुंचकर जनसुनवाई की गई। पुलिस अधीक्षक महोदय ने उपस्थित आमजन की शिकायतों, प्रार्थना पत्रों एवं समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। प्रत्येक प्रकरण का वस्तुनिष्ठ परीक्षण करते हुए गुण-दोष के आधार पर त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण हेतु संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जनसुनवाई के उपरांत पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ द्वारा आगन्तुक पंजीकरण, अपराध रजिस्टर, मालखाना, शस्त्र रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, रोजनामचा, सीसीटीएनएस पोर्टल से संबंधित अभिलेखों एवं अभिलेख रखरखाव प्रणाली की गहन जांच की गई। अभिलेखों के अद्यतन, अभिलेखन की शुद्धता, पारदर्शिता तथा जनता से जुड़े कार्यों में तत्परता सुनिश्चित करने के संबंध में थाना प्रभारी को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित आमजन से संवाद स्थापित कर यह भी बताया कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य पुलिस व जनता के मध्य विश्वास, सहयोग एवं पारदर्शिता को और सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, न्यायसंगत एवं प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि प्रत्येक शिकायतकर्ता को न्याय की अनुभूति हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *