भाजपा जिलाध्यक्ष की फॉर्च्यूनर से टक्कर, पल्सर सवार तीन युवक घायल

दिल्ली दरबार के पास हादसा, दो गंभीर—जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
FATEHPUR NEWS: सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग स्थित दिल्ली दरबार के पास रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल की फॉर्च्यूनर कार से पल्सर सवार तीन युवकों की टक्कर हो गई, जिससे तीनों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने घायलों को पहले पास के निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में भर्ती घायल अभय (17 वर्ष) पुत्र सीताराम निवासी बेहटा, थाना मलवां ने बताया कि वह अपने साथियों विपिन (16 वर्ष) निवासी शीतलपुर मलवां स्टेशन और अमित के साथ दोपहर करीब 2 बजे कपड़ा खरीदने शहर जा रहे थे। तभी दिल्ली दरबार के पास उनकी पल्सर बाइक फॉर्च्यूनर से टकरा गई। अभय के अनुसार, हादसे में उसके दो साथियों को गंभीर चोटें आई हैं। उधर, घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता सूरजपाल ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष की फॉर्च्यूनर कार सड़क किनारे खड़ी थी और मोड़ पर धीमे स्पीड में मुड़ रही थी। उसी समय लगभग 100 की रफ्तार से आ रहे पल्सर सवार तीन युवकों की बाइक कार से टकरा गई, जिससे हादसा हुआ। हादसे की जानकारी पर पहुंचे पुलिसकर्मी मामले की जांच में जुट गए हैं। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *