बैटरी कार संचालन के विरोध में कुलियों का धरना

केवल दिव्यांग व बुजुर्गों के लिए चलाने की मांग
JHANSI NEWS : झांसी रेलवे स्टेशन पर बैटरी कार संचालन के विरोध में कुलियों ने सोमवार को हड़ताल करते हुए प्लेटफॉर्म पर धरना दिया। कुलियों का आरोप है कि बैटरी कारों के जरिए यात्रियों का लगेज भी ले जाया जा रहा है, जिससे उनके रोजगार पर सीधा असर पड़ रहा है। कुली यूनियन के अध्यक्ष गोलू ठाकुर के नेतृत्व में दर्जनों कुली वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए और बैटरी कार सेवा को सीमित करने की मांग उठाई। यूनियन ने कहा कि उन्हें दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए बैटरी कार सेवा पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सामान ढोने की सुविधा बंद की जानी चाहिए। कुलियों का कहना है कि जब तक रेलवे यह नियम लागू नहीं करता कि बैटरी कार केवल दिव्यांग व बुजुर्गों के लिए ही चलेगी, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। यूनियन इससे पहले भी एक महीने पूर्व रेल प्रशासन को ज्ञापन देकर अपनी आपत्ति जता चुकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *