दिव्यांग बच्चों को मिले सहायक उपकरण, समग्र शिक्षा और एलिम्को ने लगाया कैंप

FATEHPUR NEWS: जनपद के विजयीपुर ब्लॉक संसाधन केंद्र में दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। यह शिविर समग्र शिक्षा फतेहपुर और एलिम्को कानपुर के सहयोग से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खागा विधायक कृष्णा पासवान के प्रतिनिधि के रूप में विजयीपुर विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आदित्य त्रिवेदी उपस्थित रहे। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव, एलेमको से अविनाश कुमार (कृत्रिम अंग विशेषज्ञ) और विकास कुमार (ऑडियो विशेषज्ञ) सहित कई स्पेशल एजुकेटर और बच्चों के अभिभावक मौजूद थे। इन उपकरणों के लिए बच्चों का चयन 22 सितंबर, 2025 को एलिम्को कानपुर के विशेषज्ञों द्वारा लगाए गए एक पूर्व शिविर में किया गया था। इस चिन्हांकन शिविर में विजयीपुर के साथ-साथ धाता, असोथर, हथगांव और ऐरायाँ विकास खंडों के बच्चों ने भी भाग लिया था। कुल 118 बच्चे समग्र शिक्षा के तहत और 6 बच्चे पीएम श्री विद्यालयों से चिन्हित किए गए थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आदित्य त्रिवेदी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को प्राप्त उपकरणों का उचित उपयोग करवाएं और सुनिश्चित करें कि बच्चे इन उपकरणों के साथ ही विद्यालय पहुंचें। जिला समन्वयक अरुण मिश्रा ने अभिभावकों को उपकरणों के रखरखाव के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन शिवेश त्रिपाठी ने किया। शिविर में विभिन्न प्रकार के उपकरण वितरित किए गए। इनमें 6 ब्रेल किट, 20 हियरिंग एड, 1 सीपी चेयर, 1 रोलेटर, 2 स्मार्ट केन, 73 टीएलएम किट, 3 ट्राई साइकिल और 25 व्हीलचेयर शामिल थे। पीएम श्री विद्यालयों के बच्चों को 1 ब्रेल किट, 4 टीएलएम किट और 1 व्हीलचेयर प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *