मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 486 जोड़ों का वैवाहिक समारोह सम्पन्न

जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न स्थानों पर हुआ भव्य आयोजन
FATEHPUR NEWS: मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को जिलेभर में भव्य वैवाहिक समारोहों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह के निर्देशन में जनपद के विभिन्न स्थलों— जहानाबाद, अमौली, बिंदकी, अयाह शाह, असोथर, हुसैनगंज और खागा पर कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। जिले में कुल 486 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया, जिनमें 484 हिंदू रीति-रिवाज से और 2 जोड़े मुस्लिम रीति-रिवाज से विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में विकास खंडों और नगर निकायों से पहुंचे जोड़ों ने सामूहिक विवाह मंच पर विधिवत रस्मों के साथ शादी संपन्न की। इस दौरान विकास खण्डवार (अमौली – 30, देवमई – 29, खजुहा – 38, तेलियानी – 33, मलवा – 55, बहुआ – 35, असोथर – 35, हसवा – 76, ऐरायां – 50 एवं हथगांव – 46) तथा नगरीय निकाय (नगर पालिका फतेहपुर – 46, नगर पालिका बिंदकी – 05, कोड़ा जहानाबाद – 04, नगर पंचायत हथगांव – 02) के कुल 486 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को सरकार की ओर से वैवाहिक सामग्री प्रदान की गई, जिसमें— साड़ी-सूट, पेटीकोट, चुनरी, चांदी की पायल-बिछिया, वैनिटी किट, चूड़ी-कंगन, प्रेशर कुकर, कड़ाही, डिनर सेट, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, कंबल, गद्दे, तकिए, हॉट पॉट, मिठाई व ड्राई फ्रूट सहित कई आवश्यक सामग्री बतौर उपहार प्रदान की गई। जिले के सभी आयोजनों में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, नगर निकाय प्रतिनिधि और कई विभागीय अधिकारी शामिल हुए। सभी ने नवदम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सराहना की। सभी वैवाहिक जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। इस दौरान अधिकारियों ने संदेश दिया कि नवदम्पति आपसी प्रेम, सहयोग और सम्मान के साथ सुखमय वैवाहिक जीवन की शुरुआत करें। इस आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन, पुलिस विभाग, समाज कल्याण विभाग, विकास खंड व नगर निकाय के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। फतेहपुर जिला प्रशासन ने सभी नवयुगलों को हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *