Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कुछ दिन पहले 19,00 रुपए को लेकर हुआ था विवाद, हत्या का आरोप
LAKHIMPUR KHERI NEWS: पांच दिन से लापता 35 साल के बाबूराम का शव रविवार को तालाब किनारे गन्ने के खेत से बरामद हुआ। परिजनों ने लेनदेन विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने हत्या का आरोप पड़ोसी वार्ड के चार युवकों पर लगाया है। मामला निघासन क्षेत्र के नानक नगर गांव का है।
परिजनों के मुताबिक मृतक और आरोपियों के बीच 1900 रुपए के लेनदेन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद में कुछ दिन पहले दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई थी। मारपीट की घटना के बाद से ही बाबूराम मानसिक रूप से परेशान था। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार सुबह बिना बताए घर से निकल गया था और फिर वापस नहीं लौटा।
रविवार दोपहर ग्रामीण जब तालाब की ओर गए तो गन्ने की मेड़ पर पड़े शव को देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची निघासन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों का आरोप है कि बाबूराम की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।मृतक बाबूराम मजदूरी करता था और पिछले कुछ वर्षों से लद्दाख में काम कर रहा था। ठंड और बर्फबारी बढ़ने के चलते वह करीब दो महीने पहले ही गांव लौटा था। परिवार में पत्नी, दो बच्चे और बूढ़ी मां हैं। अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है। परिवार के चचेरे भाई बहादुर की बेटी सुमन की शादी आज होनी है। कुशाहा से बारात भी आ चुकी है, लेकिन हादसे ने परिवार को दुख में डुबो दिया है। कोतवाल निघासन महेशचंद्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर बाबूराम की गुमशुदगी मंगलवार को दर्ज कर ली गई थी। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए थानों के सूचना बोर्डों पर पोस्टर चस्पा किए थे और सोशल मीडिया पर भी जानकारी प्रसारित कराई थी।लेनदेन विवाद को लेकर नामजद चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी, इसी बीच बाबूराम का शव मिल गया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। बाबूराम के परिवार में पत्नी 30 वर्षीय अनीता दो बेटियां, 10 वर्षीय प्रियांशी और 7 वर्षीय मांशी हैं। मां प्रेमलता और पिता बिंद्रा भी साथ रहते हैं। बड़े भाई मनोहर की पहले ही दुर्घटना में मौत हो चुकी है। मझले भाई का नाम लालता है, जबकि बाबूराम सबसे छोटा था। बाबूराम की शादी को 15 साल हो चुके हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दिया है। ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है—क्या यह दुर्घटना है या हत्या? इसका जवाब पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।