मेजर ध्यानचंद की 46वीं पुण्यतिथि पर हीरोज़ मैदान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आज

JHANSI NEWS: हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 46वीं पुण्यतिथि 3 दिसंबर को झांसी के ऐतिहासिक हीरोज़ मैदान स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। भारतीय हॉकी के इस महानायक ने कभी चांदनी रात में नंगे पांव इसी मैदान पर अभ्यास करते हुए वह हुनर हासिल किया, जिसने ध्यान सिंह को ‘ध्यानचंद’ और फिर तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता के रूप में विश्वविख्यात ‘हॉकी जादूगर’ बना दिया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध डॉक्यूमेंट्री फिल्मकार और वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे मेजर ध्यानचंद के जीवन पर आधारित अपनी डॉक्यूमेंट्री ‘जादूगर’ का विशेष अवलोकन कराएंगे और उसके बाद झांसी के प्रशासनिक अधिकारियों, प्रबुद्धजनों तथा खेल प्रेमियों से संवाद भी करेंगे। उनके साथ वरिष्ठ खेल पत्रकार, प्रशासक और लेखक मनीष कुमार भी उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर बेंगलुरु के एम. रमेश सुराना उन झांसी के हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान करेंगे, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से मेजर ध्यानचंद की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विश्व मंच पर झांसी का नाम रोशन किया है। हीरोज़ क्रीड़ा खेल समिति ने झांसी शहर तथा देश के सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे 3 दिसंबर की शाम 4:30 बजे हीरोज़ मैदान पहुंचकर भारत के इस अमर रत्न, मेजर ध्यानचंद को श्रद्धा सुमन अर्पित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *