लोकसभा में सांसद ने झांसी–ललितपुर के मुद्दों को मजबूती से उठाया

केन–बेतवा लिंक परियोजना पर जल आवंटन, डेड स्टोरेज क्षमता और वंचित ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न
JHANSI NEWS: सोमवार से प्रारंभ हुए शीतकालीन सत्र के प्रथम प्रश्नकाल में झांसी–ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी रूप से सदन के समक्ष रखा। सांसद ने विशेष रूप से केन–बेतवा लिंक परियोजना के विभिन्न पहलुओं, ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न हो रही समस्याओं तथा परियोजना के विस्तार से संबंधित तकनीकी बिंदुओं पर कई प्रश्न मंत्री और सभा के समक्ष प्रस्तुत किए।
सत्र की शुरुआत में उन्होंने बिहार में प्राप्त ऐतिहासिक विजय पर  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व की सराहना की और बुंदेलखंड को केन–बेतवा लिंक परियोजना जैसी ऐतिहासिक सौगात देने हेतु प्रधानमंत्री जी का समस्त बुंदेलखंड वासियों की ओर से अभिनंदन भी किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि परियोजना में अभी भी कुछ क्षेत्र वंचित रह गए हैं, जिन्हें डीपीआर में संशोधन कर जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को इस योजना का लाभ मिल सके। शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में संसदीय क्षेत्र झांसी–ललितपुर से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों को प्रश्नकाल में रखा गया। केन–बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत उन्होंने उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के लिए प्रस्तावित जल आवंटन कोटा, परियोजना की डेड स्टोरेज क्षमता तथा झांसी की तहसील टहरौली के 53 गैर–सिंचित ग्रामों — पारसा, रौरा, बकायन, बमनुआ, ताई, मजरा ताई, रयानारा, गुंधा, गट्टा, बसारी, टहरौनी किला, गुरेसा, भागेरा, नोरा, हांटी, डुबखाई, बांका पहाड़ी आदि — को परियोजना के कमांड क्षेत्र में जोड़ने हेतु केंद्र सरकार से स्पष्ट जानकारी और आवश्यक कदम उठाने की मांग की। इसके अतिरिक्त उन्होंने जनपद ललितपुर स्थित गोविंद सागर बांध को राजघाट बांध से जोड़ने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इस कार्य के पूरा होने से ललितपुर की जनता को पीने के पानी की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित होगी और गोविंद सागर बांध के निचले हिस्सों में स्थित कृषि भूमि को निरंतर सिंचाई मिलेगी, जिससे किसानों को कृषि उत्पादन और कृषि विस्तार में अत्यंत लाभ प्राप्त होगा। सांसद अनुराग शर्मा सदैव संसद भवन में अपने संसदीय क्षेत्र और किसानों से जुड़े मुद्दों को समयबद्ध एवं दृढ़ता के साथ रखते रहे हैं। आज शीतकालीन सत्र के प्रथम दिवस पर भी उन्होंने अपने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों को प्राथमिकता के आधार पर सदन में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। झांसी–ललितपुर के विकास हेतु प्रत्येक मुद्दे को सदन में मजबूती से उठाना उनका निरंतर प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *