Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: थाना गाजीपुर क्षेत्र की पीड़िता उर्मिला देवी पत्नी चुन्नी लाल, निवासी ग्राम खेसहन, ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी प्रियंका देवी, जिसकी शादी अजय कुमार निवासी ग्राम ढकौली, थाना राधानगर से हुई है, को उसके ससुरालजन ने मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया था। इस संबंध में पीड़िता ने पहले महिला थाने में शिकायत की थी, जहां सुलह होने पर उर्मिला देवी अपनी बेटी और दामाद को छोड़ने ढकौली गांव गई थीं। पीड़िता के साथ उसका पुत्र कैलाश भी मौजूद था। आरोप है कि गांव पहुंचते ही प्रियंका की सास अंजनी देवी, जगदेव पुत्र कंधई, गुलाब पुत्र जगदेव, बीना देवी पत्नी सूरजभान और सूरजभान पुत्र कंधई ने एक राय होकर कैलाश पर हमला कर दिया। आरोप के अनुसार आरोपियों ने धारदार कुल्हाड़ी से कैलाश के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उर्मिला देवी ने बताया कि उनके परिवार के अन्य सदस्यों को भी गंभीर चोटें आईं। इसके बाद सभी का जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, लेकिन डॉक्टरों द्वारा कथित रूप से साधारण चोटों की रिपोर्ट दी गई, जबकि चोटें बेहद गंभीर थीं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने आरोपियों से मिलीभगत कर वास्तविक चोटों को छुपाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनके पुत्र कैलाश की गंभीर चोटों का पुनः मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में निष्पक्ष रूप से कराया जाए और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।