Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

एनएमओपीएस नेताओं पर हुई एफआईआर की निंदा
FATEHPUR NEWS: अटेवा पेंशन बचाओ मंच फतेहपुर की जिला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिला संयोजक निधान सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत दिल्ली के जंतर-मंतर पर 25 नवंबर को आयोजित रैली में भाग लेने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हुई।
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी से प्राप्त दिशा-निर्देशों को साझा किया गया तथा रैली के बाद एनएमओपीएस कार्यकारिणी के चार सदस्यों पर दर्ज की गई “गलत एफआईआर” की कड़ी निंदा की गई। विरोध स्वरूप कार्यकर्ताओं ने एफआईआर की प्रतियां जलाकर अपना रोष व्यक्त किया। जिला संयोजक निधान सिंह ने कहा कि सरकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता छीनने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक रूप से अपनी बात रखना किसी भी नागरिक का अधिकार है। जिला संगठन मंत्री हेमचंद चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर वापस नहीं ली जाती तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। जिला महामंत्री महेंद्र मौर्य ने कहा कि भय और दबाव बनाकर आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। बैठक में 7 दिसंबर को स्वर्गीय रामाशीष की शहादत दिवस पर पटेल नगर चौराहे पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा 25 दिसंबर को जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव पास किया गया। इस बैठक में 500 से अधिक सदस्यता कराने वाले ब्लॉक पदाधिकारियों, 200 से अधिक सदस्यता कराने वाले शिक्षक साथियों और 50 से अधिक सदस्यता कराने वाली महिला शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में उदित कुमार, सज्जन, राधेलाल, मुकेश मौर्य, महेंद्र, अजय पाल, अरविंद सहित कई शिक्षक साथी उपस्थित रहे। विरोध प्रदर्शन के दौरान पटेल नगर चौराहे पर पुष्पेंद्र सिंह, प्यारेलाल, प्रीति श्रीवास्तव, अरविंद कुमार, सुशील कुमार, राजकुमार, कमल, दीपक, सहित बड़ी संख्या में शिक्षक साथी मौजूद रहे।