चोरी के बाद पीड़ित को दुष्कर्म के फर्जी केस में फँसाने की धमकी

FATEHPUR NEWS: ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम सिधांव में चोरी की वारदात के बाद पीड़ित को गंभीर मुकदमे में फँसाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि चोरी के संदिग्धों में से एक की पत्नी उस पर दबाव बना रही है और समझौता न करने पर दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप में फँसाने की धमकी दे रही है। पीड़ित ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशीष कुमार पुत्र शिवगोपाल दर्जी, निवासी सिधांव, 26 नवंबर को परिवार सहित कानपुर निमंत्रण में गए थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि दरवाज़े की जंजीर कटी हुई थी और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। घर से बैटरा, इनवर्टर, कपड़े, गहने सहित कई कीमती एवं घरेलू सामान चोरी हो गए थे। पीड़ित ने गांव के उदयभान उर्फ नेक्चू गुप्ता और आसाराम यादव पर चोरी का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस ने आसाराम को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, हालांकि शाम तक उसे छोड़ दिया गया। इसी बीच पीड़ित ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आसाराम की पत्नी अनीता देवी उसे लगातार धमकी दे रही है। आरोप है कि वह कह रही है— समझौता नहीं किया तो तुम्हारे ऊपर फर्जी 376 लगवाकर जेल भिजवा दूंगी। इससे भयभीत पीड़ित और उसका परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और लिखित प्रार्थना पत्र देकर कड़ी कार्रवाई एवं सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि चोरी से परेशान परिवार अब जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *