Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

AMETHI NEWS: विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर बुधवार को विकास भवन परिसर, गौरीगंज में सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान भारत सरकार की एडिप योजना के तहत जनपद के दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मा. विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में 5 से 9 अगस्त 2024 तक चिन्हित किए गए 201 दिव्यांग लाभार्थियों को कुल 341 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 107 ट्राईसाइकिल, 60 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 21 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 1 व्हीलचेयर, 6 छोटी बैसाखी, 92 मध्यम बैसाखी, 8 बड़ी बैसाखी, 4 एल्बो बैसाखी, 2 फोल्डिंग वॉकर, 34 समायोजक छड़ी, 2 सुगम्य केन, 2 कान की मशीन तथा 2 रोलैटर शामिल रहे। इस अवसर पर संबोधित करते हुए मा. विधायक ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के पुनर्वास और सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है। एल्मिको के सहयोग से जनपद में जरूरतमंद दिव्यांगजन को उपयुक्त उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि जिन पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण नहीं हो पाया है, उनका उसी दिन पंजीकरण कर उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी विकास मौर्या, अनुपम पांडेय, एल्मिको के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।