उर्वरक की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त , सात उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) कृषकों को निर्धारित मूल्य पर सुलभ रूप से उर्वरक उपलब्ध कराए जाने एवं उर्वरक की कालाबाजारी रोकने हेतु जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा जनपद में उर्वरक वितरण की सभी स्तरों पर सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा उर्वरक विक्रेताओं की बिक्री से संबंधित भारत सरकार के पोर्टल की रिपोर्ट प्राप्त की गई , जिसमें यह पाया गया कि दिनांक 24 नवंबर 2025 की रात्रि 08 बजे से 12 बजे के मध्य जनपद के कुल 07 उर्वरक विक्रेताओं द्वारा खरीफ सत्र 2025-26 की यूरिया उर्वरक का 50 प्रतिशत से अधिक स्टॉक अत्यंत कम समय में बेचा गया, जो प्रथम दृष्टया संदिग्ध है तथा कालाबाजारी जो ओवर बिलिंग एवं अवैध परिवहन की संभावना को दर्शाता है। इन विक्रेताओं में मेसर्स किसान खाद बीज भण्डार गैंसड़ी, मेसर्स श्री बालाजी खाद बीज भण्डार हरैया सतघरवा, मेसर्स वर्मा खाद बीज भण्डार बकसरिया उतरौला, मेसर्स प्रमोद कुमार अड़रपाकड़ बलरामपुर, मेसर्स वैभव ट्रेडर्स हरैया सतघरवा, मेसर्स राजीव कुमार सिंह बलुई बलरामपुर एवं मेसर्स मुख्तार आलम डकही बलरामपुर सम्मिलित हैं। जांचोपरांत संबंधित सभी विक्रेताओं के उर्वरक बिक्री प्राधिकार—पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं तथा उनके अभिलेखों एवं स्टॉक की जांच हेतु कृषि विभाग एवं प्रवर्तन टीम को निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में उर्वरक वितरण में अनियमितता या उर्वरक की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध एफआईआर सहित कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *