Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

हेल्पलाइन नंबरों की भी दी जानकारी
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के तहत गुरुवार को जनपद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गठित मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो स्क्वायड ने मैदान स्तर पर अभियान चलाया। टीमों द्वारा जनपद के प्रमुख बाजारों, तिराहों, बस स्टैंड, कस्बों, धार्मिक स्थलों, स्कूलों एवं कॉलेजों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा से संबंधित सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन व उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी गई। मौके पर पंपलेट वितरित कर योजनाओं के लाभ और प्रक्रिया समझाई गई। अभियान के तहत जिन योजनाओं की दी गई जानकारी उनमें से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना एवं महिला शक्ति केंद्र योजना प्रमुख रहीं। इसके अतिरिक्त स्वावलंबन, पढ़ाई, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागीय प्रयासों पर भी विस्तार से बताया गया। साथ ही हेल्पलाइन नंबर जिनकी जानकारी दी गई महिला पावर लाइन – 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा – 112, एम्बुलेंस सेवा – 108, स्वास्थ्य हेल्पलाइन – 102, सीएम हेल्पलाइन – 1076, महिला हेल्पलाइन – 181 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन – 1930 रही। मिशन शक्ति टीम द्वारा मोबाइल पर पैनिक बटन का डेमो भी दिया गया, ताकि महिलाएं आकस्मिक परिस्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से संवाद कर स्थानीय समस्याओं को भी सुना गया और पुलिस द्वारा त्वरित सहायता का भरोसा दिया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाना एवं उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाना रहा।