पंसारी टोला जैन मंदिर में पालकी यात्रा और आदिनाथ विधान का भव्य आयोजन

वेदी में नवीन श्रीजी की प्रतिष्ठा, हवन आहुतियों के साथ कार्यक्रम सम्पन्न
ETAWA NEWS: श्री प्राचीन दिगंबर पंचायती जैन मंदिर, पंसारी टोला में बुधवार को एक दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ सुबह सात बजे भगवान आदिनाथ की पालकी यात्रा से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पालकी यात्रा मंदिर से प्रारंभ होकर बजरिया चौराहा, पचराहा, राजागंज चौराहा, रंगलाल चौराहा, महावीर मार्ग और लालपुरा तिराहा होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। यात्रा का स्थान–स्थान पर आरती उतारकर, पुष्पवर्षा एवं घोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। मंदिर पहुंचने के बाद श्रीजी को पाण्डुकशिला पर विराजमान कराया गया। इसके उपरांत केसर जल से अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। प्रथम कलश का सौभाग्य अजय जैन, अभय जैन तथा द्वितीय कलश का सौभाग्य सुशील जैन डाबर को प्राप्त हुआ। वहीं स्वदेश जैन, कमलेश जैन, मोनू जैन और मोक्ष जैन द्वारा अन्य कलश अर्पित किए गए।नवीन प्रतिमा को वैदिक विधि के अनुसार वेदी में विराजमान कराया गया। इस अवसर पर भक्ति नृत्य ने वातावरण को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। इसके बाद श्री आदिनाथ विधान का आयोजन पंडित मनीष जैन (इटावा) द्वारा संगीतमय विधि से किया गया, जिसमें महिलाओं द्वारा मंगलकलश विराजमान कर विधान प्रारंभ कराया गया।विधान के समापन पर हवनकुंड में शुभ आहुतियाँ अर्पित की गईं तथा मंगलाचार के साथ मुख्य कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। मंदिर समिति के राहुल जैन, नितिन जैन,गौरव जैन चौ अभिनंदन जैन नंदू पत्रकार ललित जैन सहित महिला मंडल की नीता, भारती, ज्योति, पूनम, श्रद्धा, स्वेता, मीना, ममता, सरला आदि उपस्थित रहे। समाज के वरिष्ठजनों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *